Latest News / ताज़ातरीन खबरें

बोर्ड परीक्षा कंट्रोल रूम में लापरवाही निरक्षण में कर्मचारी सोते हुए मिले मुख्यालय के कमांड एंड कंट्रोल रूम ने रात 1:43 बजे किया ऑनलाइन निरीक्षण, स्क्रीनशॉट से दर्ज हुई घटना परिषद ने मांगा स्पष्टीकरण, दोषियों पर विभागीय कार्रवाई के निर्देश

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की बोर्ड परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए बनाए गए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम में गंभीर लापरवाही सामने आई है। मुख्यालय स्थित कमांड एंड कंट्रोल रूम द्वारा रात 01:43 बजे किए गए ऑनलाइन निरीक्षण में पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में स्थापित कंट्रोल रूम के कर्मचारी ड्यूटी के दौरान सोते हुए पाए गए। जानकारी के अनुसार जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 273 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों की ऑनलाइन निगरानी के उद्देश्य से पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 24 घंटे संचालित कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां शिफ्टवार कर्मचारियों की तैनाती की गई है। प्रयागराज स्थित मुख्यालय के कमांड एंड कंट्रोल रूम ने रात्रि निरीक्षण के दौरान कंट्रोल रूम का ऑनलाइन अवलोकन किया। निरीक्षण के समय ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी अपने निर्धारित स्थान पर कार्य करने के बजाय कंट्रोल प्रभारी के सामने लगी मेज पर सोते हुए दिखाई दिए। पूरी घटना को स्क्रीनशॉट के माध्यम से रिकॉर्ड किया गया। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए परिषद ने जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) से स्पष्टीकरण तलब किया है। परिषद द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि बोर्ड परीक्षा जैसे संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण कार्य में इस प्रकार की लापरवाही परीक्षा नियमों एवं निर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन है। संयुक्त शिक्षा निदेशक नवल किशोर ने कहा कि मुख्यालय के कमांड एंड कंट्रोल रूम द्वारा रात्रि निरीक्षण के दौरान जनपद स्तर के कंट्रोल रूम में कर्मचारियों की लापरवाही संज्ञान में आई है। संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण तलब कर उत्तरदायित्व निर्धारित किया जा रहा है। जांच के उपरांत दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। साथ ही भविष्य में इस प्रकार की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए कंट्रोल रूम प्रभारी को सख्त निर्देश दिए गए हैं।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh