Latest News / ताज़ातरीन खबरें

हाईस्कूल व इंटर की परीक्षा में तीन सॉल्वर सहित चार पकड़ाये, प्रधानाचार्य भी गिरफ्तार

वाराणसी। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के अंग्रेजी और जीव विज्ञान की परीक्षा में सोमवार को तीन सॉल्वर सहित चार लोगों को पकड़ा गया है। गाजीपुर के करूवी बहलोलपुर स्थित भगेलूदास इंटर कॉलेज में हाईस्कूल के अंग्रेजी विषय की परीक्षा देते हुए सॉल्वर शिवम यादव और प्रधानाचार्य विंध्याचल यादव को एसटीएफ वाराणसी ने गिरफ्तार किया है। आजमगढ़ व जौनपुर में भी एक-एक सॉल्वर पकड़ा गया। सभी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
एसटीएफ वाराणसी के निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि हाईस्कूल की प्रथम पाली में अंग्रेजी विषय की परीक्षा में भगेलूदास इंटर कॉलेज का प्रधानाचार्य विंध्याचल यादव नकल करा रहा है। स्टेटिक मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार सिंह और मनोरमा सिंह के साथ भगेलूदास इंटर कॉलेज में चेकिंग की गई। कक्ष संख्या 12 में एक परीक्षार्थी के स्थान पर मऊ जनपद के सरायलखंसी क्षेत्र के कंधेरी गांव का शिवम यादव (22) कॉपी लिख रहा था। पूछताछ में शिवम यादव ने बताया कि करुई निवासी प्रधानाचार्य विंध्याचल यादव की मिलीभगत से वह तीन दिन से परीक्षा दे रहा है। इसके लिए प्रधानाचार्य ने 40 हजार रुपये लिए थे।
आजमगढ़ और जौनपुर में रिश्तेदार बने थे सॉल्वर
आजमगढ़ जिले के उद्योग विद्यालय इंटर कॉलेज कोयलसा में हाईस्कूल की अंग्रेजी विषय की परीक्षा देते सॉल्वर पंकज कुमार सिंह (22) निवासी सम्मोपुर थाना सिधारी को पकड़ा गया। वह परीक्षार्थी का रिश्तेदार है। केंद्र अतरौलिया थाने में परीक्षार्थी व्यवस्थापक रणधीर सिंह ने और सॉल्वर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। वहीं, जौनपुर जिले के मछलीशहर के नरेंद्र बहादुर इंटर कॉलेज, घघरिया केंद्र पर इंटरमीडिएट की जीव विज्ञान की परीक्षा में सिकरारा थाना क्षेत्र के साहस यादव को पकड़ा गया है। वह अपने रिश्तेदार की जगह परीक्षा दे रहा था। सचल दल ने सॉल्वर को पुलिस के हवाले कर प्राथमिकी दर्ज कराई है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh