Accidental News / दुर्घटना की खबरें

दो बाइकों की टक्कर में दो युवकों की मौत । एक घायल एक हादसे ने दो परिवारों की छीनी खुशियां

आजमगढ़। जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र के लौदह इमादपुर गांव के पास शनिवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। घटना में दो दोस्तों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसा उस समय हुआ जब पीछे से आ रही एक अनियंत्रित बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब आठ बजे तीन दोस्त बाइक से मेंहनगर बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहनगर पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने 20 वर्षीय आशीष को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल 16 वर्षीय सुमित और निखिल को बेहतर उपचार के लिए पीजीआई मेडिकल कॉलेज चक्रपानपुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान सुमित ने भी दम तोड़ दिया, जबकि निखिल का उपचार जारी है। बताया जा रहा है कि मृतक आशीष दो भाइयों में बड़ा था और इंटरमीडिएट का छात्र था। वहीं सुमित अपने भाइयों में तीसरे नंबर पर था। हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। पूरे इलाके में शोक की लहर है। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में तहरीर प्राप्त हुई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh