रेस्टोरेंट की आड़ में प्राइवेसी के नाम पर गंदा खेल प्राइवेट रूम में कपल्स की गुप्त वीडियो बनाने का आरोप 200 से ज्यादा वीडियो मिलने का दावा, रेस्टोरेंट सील, सीसीटीवी डीवीआर जब्त
बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शहर के सिविल लाइन क्षेत्र स्थित सेंटर प्वाइंट नामक रेस्टोरेंट में प्राइवेट रूम उपलब्ध कराने की आड़ में अनैतिक गतिविधियों का आरोप लगा है। आरोप है कि रेस्टोरेंट में आने वाले प्रेमी जोड़ों को पैसे लेकर एक निजी कमरे में बैठाया जाता था और इसी दौरान कर्मचारियों द्वारा उनकी गुप्त रूप से वीडियो रिकॉर्डिंग की जाती थी। मामले का खुलासा 4 फरवरी को उस समय हुआ, जब एक प्रेमी जोड़े को कमरे में मौजूद एक कर्मचारी की गतिविधियों पर शक हुआ। शक के आधार पर उन्होंने विरोध किया और अपने एक साथी को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि कर्मचारी का मोबाइल चेक करने पर उसमें 200 से अधिक प्रेमी जोड़ों के निजी वीडियो मिले। हंगामा बढ़ने पर आरोपी कर्मचारी मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही डायल 112 के माध्यम से पुलिस मौके पर पहुंची। सिविल लाइन चौकी प्रभारी कुलबीर सिंह ने टीम के साथ रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया। बाद में सीओ सिटी संग्राम सिंह भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर को कब्जे में ले लिया है और रेस्टोरेंट को फिलहाल बंद करा दिया गया है। पुलिस द्वारा दर्ज मुकदमे में बताया गया है कि रेस्टोरेंट में कर्मचारी सतेंद्र द्वारा अनैतिक गतिविधियां कराए जाने की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और फरार कर्मचारी की तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि इस रेस्टोरेंट का संचालन एक महिला अधिवक्ता द्वारा किया जाता है। उनका कहना है कि वह दिन में कोर्ट में प्रैक्टिस करती हैं और शाम को ही रेस्टोरेंट आती हैं। यदि कर्मचारियों द्वारा कोई गलत गतिविधि की गई है तो उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।























































Leave a comment