Crime News / आपराधिक ख़बरे

थाने में युवक ने सब इंस्पेक्टर को जड़ा थप्पड़ पुराने विवाद को लेकर थाने में चल रही थी बातचीत, बिगड़ा माहौल

बलिया। जिले के नगरा थाना परिसर में सोमवार सुबह उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब सुलह-समझौते के लिए आए एक युवक ने उपनिरीक्षक (एसआई) को थप्पड़ मार दिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। जानकारी के अनुसार, नगरा थाना क्षेत्र के जेठवार गांव निवासी अमित यादव और संतोष राजभर के बीच मकान के छज्जे को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। संतोष राजभर द्वारा छज्जा निर्माण कराए जाने पर अमित यादव ने एसडीएम को प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की थी। इसी मामले के निस्तारण के लिए सोमवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था। थाने में पंचायत और बातचीत की प्रक्रिया चल रही थी, तभी अमित यादव अपने मोबाइल से पूरी कार्यवाही का वीडियो बनाने लगा। मौके पर मौजूद एसआई दिनेश यादव ने उसे थाने के भीतर वीडियो रिकॉर्डिंग से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई और अमित यादव आवेश में आ गया। आरोप है कि इसी दौरान उसने एसआई को थप्पड़ मार दिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत युवक को काबू में लेकर हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी प्रभाकर शुक्ला ने बताया कि थाने के भीतर पुलिस अधिकारी के साथ अभद्रता और हमला करना गंभीर अपराध है। आरोपी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिसकर्मी पर हमले की धाराओं में सख्त कार्रवाई की जा रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh