Latest News / ताज़ातरीन खबरें

सड़क पर पड़ा पेड़ और संकरा रास्ता बना हादसे की वजह, अनुबंधित बस की चपेट में आए अजय यादव की मौत

देवरिया।मईल थाना क्षेत्र के भागलपुर चौराहे से पेट्रोल पंप के बीच चौराहे से 100 मी की दूरी पर सड़क हादसे में बाइक सवार अजय यादव पुत्र अशोक की मौत हो गई। अजय बाइक से भागलपुर पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही अनुबंधित बस की चपेट में आ गए। हादसे के समय बस के पीछे पुलिस की जिप्सी भी चल रही थी। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटनास्थल पर सड़क की स्थिति पहले से ही चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। सड़क किनारे बरसों पुराना पीपल का पेड़ आंधी में गिर गया था, जिसका तना अब तक वहां पड़ा बताया जा रहा है। दूसरी ओर बिजली का खंभा और फुटपाथ का अभाव होने के कारण वाहनों तथा राहगीरों के लिए रास्ता काफी संकरा हो गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आमने-सामने से आने वाले वाहनों को पर्याप्त जगह नहीं मिलती। इसी दौरान बस के पीछे चल रही पुलिस जिप्सी से बचने के प्रयास में अजय बस की चपेट में आ गए। हालांकि हादसे की वास्तविक परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
परिवार की जिम्मेदारी उठाते थे अजय
अजय यादव अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों का प्रमुख सहारा थे। परिवार की माली हालत ठीक नहीं होने के कारण वह बाहर रहकर कमाई करते थे और उसी से घर का खर्च चलाते थे। उनके दो छोटे बच्चे हैं—करीब चार वर्ष का बेटा और ढाई वर्ष की बेटी। अजय की शादी को अभी लगभग तीन वर्ष ही हुए थे।
अजय के पिता अशोक लंबे समय से बीमारी से जूझ रहे हैं और उनका इलाज चल रहा था। पिता की बीमारी, पत्नी और दो छोटे बच्चों की जिम्मेदारी अजय के कंधों पर थी। ऐसे में उनकी अचानक मौत ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है।
पत्नी और पिता का रो-रोकर बुरा हाल
अजय की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पत्नी, मासूम बच्चों और बीमार पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार अजय मिलनसार, सरल और मददगार स्वभाव के व्यक्ति थे। उनके असमय चले जाने से परिवार के सामने आर्थिक संकट के साथ दो मासूम बच्चों के भविष्य की चिंता भी खड़ी हो गई है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क किनारे पड़े पेड़ को तत्काल हटाने, बिजली के खंभे के आसपास पर्याप्त जगह उपलब्ध कराने तथा फुटपाथ एवं यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh