कब्रिस्तान में बिजली के तार से सटा मिला ग्राम प्रधान/प्रशासक का शव, मचा हड़कंप
देवरिया।भाटपार रानी के बनकटा थाना क्षेत्र के अहिरौली बघेल गांव के ग्राम प्रधान/प्रशासक राम एकबाल उम्र लगभग 52 की गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव गांव स्थित कब्रिस्तान में बिजली के तार से सटा मिला। प्रथम दृष्टया करंट की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हो सकेगी।
जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान राम एकबाल गुरुवार सुबह करीब छह बजे अपने पुराने घर से नवनिर्मित मकान की ओर गए थे। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह सुबह करीब 11 बजे तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद परिजन बनकटा थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। परिजनों के अनुसार उनका मोबाइल फोन चालू था, लेकिन कॉल करने पर वह फोन नहीं उठा रहे थे।
पुलिस ने मोबाइल की लोकेशन ट्रैक की, जिसमें उनके घर के आसपास होने की जानकारी मिली। इसके बाद परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू की। इसी दौरान गांव के कब्रिस्तान में बिजली के तार से सटा उनका शव मिला। घटनास्थल के पास एलटी विद्युत लाइन होने की बात सामने आई है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बनकटा थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मौर्य ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही ग्राम प्रधान/प्रशासक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
























































Leave a comment