मार्टीनगंज में निजी क्लिनिक में महिला की मौत, स्वास्थ्य विभाग ने क्लिनिक किया सील
आजमगढ़:आजमगढ़ के मार्टीनगंज क्षेत्र के महमूदपुर गांव में एक निजी क्लिनिक में उपचार के दौरान महिला की मौत के बाद हड़कंप मच गया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए क्लिनिक पर विरोध जताया। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्लिनिक को सील कर दिया।
बताया जा रहा है कि महमूदपुर निवासी शकुंतला बुखार से पीड़ित थीं। परिजनों के अनुसार, वह गांव में संचालित एक निजी क्लिनिक पर उपचार कराने गई थीं। आरोप है कि क्लिनिक संचालक द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उनकी हालत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें जौनपुर लेकर गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
महिला की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने क्लिनिक पर पहुंचकर विरोध जताया। सूचना स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचने के बाद मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. ननकू राम वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नोडल अधिकारी निजी चिकित्सा प्रतिष्ठान डॉ. मोहनलाल को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
सीएमओ के निर्देश पर मार्टीनगंज स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार संबंधित क्लिनिक को सील कर दिया। स्वास्थ्य विभाग अब क्लिनिक के पंजीकरण, संचालक की चिकित्सकीय योग्यता, दवाओं तथा उपचार से जुड़े अभिलेखों की जांच कर रहा है।
सीएमओ डॉ. ननकू राम वर्मा ने कहा कि बिना वैध पंजीकरण अथवा निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित होने वाले चिकित्सा प्रतिष्ठानों और अनधिकृत रूप से इलाज करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


























































Leave a comment