Crime News / आपराधिक ख़बरे

1 करोड़ का गांजा, STF ने रायबरेली में चार तस्करों को दबोचा,उड़ीसा से गाजा यूपी ला रहे थे तस्कर

 उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए रायबरेली में चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 101 किलो गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई 16 जुलाई 2025 की रात करीब 11 बजे रायबरेली के गुरूबक्सगंज थाना क्षेत्र में की गई, जहां एसटीएफ टीम ने कानपुर-रायबरेली हाईवे पर अतौरा बुजुर्ग राजनगर पुलिया के पास इन तस्करों को धर दबोचा।
पकड़े गए चारों आरोपी उड़ीसा राज्य के रहने वाले हैं:

किशोर कुमार मेहर – थाना पट्टीपड़ा, जिला सोनपुर
तुषार महापात्रा – थाना कोतवाली नगर, जिला सोनपुर
मानस महापात्रा – थाना मनमुंडा, जिला बौध
कम्पल बगरती – थाना उलुंडा, जिला सोनपुर
इनके पास से दो कारें, चार मोबाइल फोन, पैन कार्ड, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और करीब 4880 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

सूचना मिली, जाल बिछा और गिरोह धराशायी हुआ
एसटीएफ को पिछले कुछ समय से जानकारी मिल रही थी कि उड़ीसा से यूपी के रास्ते गांजा की तस्करी की जा रही है। इस इनपुट पर एसटीएफ लखनऊ के अपर पुलिस अधीक्षक सत्यसेन यादव के नेतृत्व में टीम को एक्टिव किया गया।

16 जुलाई को इनपुट मिला कि उड़ीसा की दो गाड़ियां (OD31H4162 और OD15S3699) गांजा लेकर प्रयागराज के रास्ते उन्नाव जा रही हैं। इस पर निरीक्षक प्रमोद कुमार वर्मा के नेतृत्व में टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर चारों तस्करों को गांजे की भारी खेप के साथ गिरफ्तार कर लिया।

गिरोह का सरगना निकला पहले से जेल जा चुका आरोपी
पूछताछ में किशोर कुमार मेहर ने बताया कि वह इस पूरे नेटवर्क का सरगना है। वह उड़ीसा से सस्ते दामों में गांजा खरीदकर उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ऊंचे दामों पर बेचता है। इस बार वह गांजा प्रयागराज होते हुए उन्नाव और फतेहपुर रेलवे स्टेशन के पास सोनू सिंह नाम के व्यक्ति को देने जा रहा था। सौदा 30 हजार रुपये प्रति किलो तय हुआ था। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि किशोर पहले भी वर्ष 2021 में जबलपुर (मध्य प्रदेश) से गांजा तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।

कानूनी कार्रवाई शुरू
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना गुरूबक्सगंज, जनपद रायबरेली में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/20/25/29/60 के तहत केस दर्ज किया गया है। आगे की विधिक कार्यवाही स्थानीय पुलिस के हवाले कर दी गई है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh