नदी किनारे पैर फिसलने से 80 वर्षीय वृद्ध की डूबकर मौत, खेत में आवारा पशुओं को भगाने गए थे वृद्ध, हादसे के बाद परिवार में मचा कोहराम
आजमगढ़। मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के उधरा ग्राम सभा में रविवार को नदी में डूबने से करीब 80 वर्षीय वृद्ध की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार उधरा गांव निवासी श्रीनाथ यादव (80) रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे नदी किनारे स्थित अपने खेत की ओर गए थे। बताया जा रहा है कि खेत में आवारा पशु पहुंच गए थे, जिन्हें भगाने के दौरान वह नदी के किनारे तक पहुंच गए। इसी दौरान अचानक उनका पैर फिसल गया और वह नदी में जा गिरे।
वृद्ध के नदी में गिरने की जानकारी मिलते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद उन्हें नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई।
सूचना मिलते ही मेहनाजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।






















































Leave a comment