पति से विवाद के बाद प्राईवेट पार्ट पर तेजाब डालने वाली पत्नी गिरफ्तार
आजमगढ़। गंभीरपुर थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद पति के प्राइवेट पार्ट पर तेजाब डालने के आरोप में पुलिस ने पत्नी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे/निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तेजाब की एक बोतल भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, 26 सितंबर 2026 को कोहड़ौरा निवासी मुकेश पाण्डेय पुत्र जगरनाथ पाण्डेय ने अपनी पत्नी के खिलाफ थाने में प्रार्थना पत्र दिया था। आरोप है कि ससुराल में किसी बात को लेकर विवाद के दौरान पत्नी ने उसके प्राइवेट पार्ट पर तेजाब डाल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना गंभीरपुर में मु0अ0सं0-233/2026 के तहत धारा 124(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गंभीरपुर पुलिस ने 27 सितंबर को दोपहर 1:20 बजे आरोपी महिला को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक तेजाब की बोतल बरामद की। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्ता को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी, कांस्टेबल दुर्गेश राय, रिजर्व कांस्टेबल सौरभ कुमार और रिजर्व महिला कांस्टेबल रागिनी गौड़ शामिल रहीं।

























































Leave a comment