लखनऊ।दलित महिला के कोल्ड ड्रिंक में मिलाया नशीला पदार्थ, फिर किया रेप, अश्लील वीडियो रिश्तेदारों को भेजा
लखनऊ: प्रदेश की राजधानी में हरदोई के एक युवक ने दलित महिला से दोस्ती कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. उसका अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल भी किया. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसके अश्लील वीडियो उसके रिश्तेदारों को भेज दिए. उस पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव भी बनाया. फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
बख्शी का तालाब की रहने वाली पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि लगभग 4 साल पहले उसकी मुलाकात मल्लावां, हरदोई निवासी राकेश कुमार पांडेय उर्फ अविनाश पांडेय से हुई थी. राकेश अवधपुरी, सर्वोदय नगर, लखनऊ में मोबाइल रिपेयरिंग की दुकान चलाता है. पीड़िता की राकेश से मुलाकात अपना मोबाइल फोन ठीक करवाने के दौरान हुई थी. धीरे-धीरे दोनों में बातचीत बढ़ी और जल्द ही यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई.
पीड़िता का आरोप है कि करीब तीन साल पहले राकेश उसे एक रिश्तेदार के घर किसी जन्मदिन की पार्टी का बहाना बनाकर ले गया. वहां राकेश ने उसे कोल्ड ड्रिंक में कुछ नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया. पीड़िता के बेहोश होने पर राकेश ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. इस दौरान उसके अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए. जब पीड़िता को होश आया और उसने इसका विरोध किया, तो राकेश ने जल्द ही उससे शादी करने का वादा कर उसे शांत कर दिया.
समय बीतने के साथ राकेश ने शादी करने से इनकार कर दिया. साथ ही वीडियो वायरल करने की धमकी देकर पीड़िता का लगातार यौन शोषण करता रहा. पीड़िता ने राकेश से बातचीत बंद करने की कोशिश की, लेकिन राकेश अलग-अलग नंबरों से कॉल कर उसे परेशान करने लगा. कुछ दिनों बाद राकेश ने पीड़िता और उसके परिवार पर ईसाई धर्म अपनाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया. इसी दौरान पीड़िता को पता चला कि राकेश खुद ईसाई धर्म का अनुयायी है.
जब पीड़िता ने उसकी बात नहीं मानी तो राकेश ने उसके परिवार और रिश्तेदारों को फोन कर पैसे और जमीन की मांग की. पीड़िता ने जब उसकी मांगों को पूरा करने से इंकार कर दिया. इसके बाद राकेश ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो उसके दोस्तों और रिश्तेदारों को भेज दिए. पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर राकेश उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है.
एसीपी अनिंद्य विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी राकेश की तलाश की जा रही है. आरोपी को हिरासत में लेने के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो पाएगा. पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.




















































Leave a comment