प्रेमी ने प्रेमिका को कुल्हाड़ी से काटकर उतारा मौत के घाट
मऊ। हलधरपुर थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर बरहिया ग्राम पंचायत के मुहवां विजयगढ़ में एक विवाहिता की सरेशाम निर्मम पूर्वक हत्या कर दी गई। घटना गुरुवार की सायं 5 बजे के लगभग की है।
जानकारी के अनुसार मृतका खुशबू 30 वर्ष पत्नी रामानंद मुहवां विजयगढ़ की निवासिनी है । उसका पति पिछले एक वर्ष से बाहर रहता है। खुशबू का गांव के ही एक युवक से प्रेम प्रसंग पिछले 3 वर्ष से चल रहा था। गुरुवार की सुबह प्रेमी प्रेमिका के बीच किसी बात पर विवाद हो गया। प्रेमिका की शिकायत पर 112 नंबर पीआरबी वाहन भी आई ,और दोनों को समझा-बुझाकर के चली गई। लेकिन विवाद थमा नहीं। इस बीच दोनों में फिर कहासुनी हो गई, जिससे कुपित होकर खुशबू अपने प्रेमी के विरुद्ध हलधरपुर थाने में शिकायत करने चली गई। अपराह्न 4 बजे वह थाने से वापस अपने घर के लिए चली और मुहवां चट्टी से जब गांव की तरफ जा रही थी कि एक विद्यालय के नजदीक घात लगा कर बैठा उसका प्रेमी उस पर कुल्हाड़ी से ताबड़ तोड़ हमला कर दिया। जिससे खुशबू गंभीर रूप से घायल होकर छठपटाने लगी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी । आरक्षी विनोद कुमार उसे एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय ले गया ।जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गंगासागर मिश्र अपने पूरे अमले के साथ मौके पर पहुंच करके जांच पड़ताल की। घटना के बाद से मौके पर सियापा छाया हुआ है। लोग अपनी अपनी दुकानें बंद करके गायब हो गए। मृतका दो बच्चों की मां थी। जिसमें एक की उम्र तीन वर्ष और दूसरा एक वर्ष का है। बच्चों के पालन पोषण को लेकर समस्या खड़ी हो गई है।





















































Leave a comment