Latest News / ताज़ातरीन खबरें

तालाब में नहाते समय दो सगे भाइयों की डूबकर मौत, तीन बच्चों की बची जान

• करौंदी कला क्षेत्र के पाकड़पुर गांव में शाम को हुआ हादसा, एसडीएम बोले- दैवीय आपदा राहत निधि से परिजनों को चार-चार लाख रुपये की सहायता मिलेगी ।

कादीपुर (सुलतानपुर)। करौंदी कला थाना क्षेत्र के पाकड़पुर गांव में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसे में तालाब में नहाते समय दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के दौरान कुल पांच बच्चे तालाब में डूबने लगे थे। ग्रामीणों की तत्परता से तीन बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिनका उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया और मृतक बच्चों के घर पर कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, पाकड़पुर निवासी मोहम्मद इस्लाम के बच्चे मंगलवार शाम करीब छह बजे गांव के तालाब के पास खेलने गए थे। खेलते-खेलते सभी बच्चे तालाब में नहाने उतर गए। इसी दौरान मोहम्मद इस्लाम के 12 वर्षीय बेटे राज और 9 वर्षीय बेटे रियाज गहरे पानी में चले गए। दोनों को बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और उनकी डूबने से मौत हो गई।

हादसे में मोहम्मद इस्लाम की पुत्री आशिया बानो तथा गांव के अंश और अंशु नामक तीन अन्य बच्चों को ग्रामीणों ने समय रहते तालाब से बाहर निकाल लिया। तीनों बच्चों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी विनय कुमार गौतम, राजस्व विभाग की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी ली तथा आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

उपजिलाधिकारी मंजुल मयंक ने बताया कि मृतक बच्चों के परिजनों को दैवीय आपदा राहत निधि के अंतर्गत चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा शासन स्तर से मिलने वाली अन्य हर संभव सहायता भी दिलाई जाएगी।

एसडीएम मंजुल मयंक ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए क्षेत्रवासियों से अपील की कि छोटे बच्चों को तालाब, नदी और अन्य जलाशयों के आसपास बिना निगरानी के न जाने दें। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में जलाशयों में पानी की गहराई का अनुमान लगाना कठिन होता है, इसलिए अभिभावकों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इस हृदयविदारक हादसे के बाद पाकड़पुर गांव में शोक की लहर है। एक ही परिवार के दो मासूम बेटों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh