आजमगढ़ में सड़क सुरक्षा का महाअभियान शुरू! SSP डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में यातायात माह का आगाज, ASP ने दिखाई जागरूकता रैली को हरी झंडी
•आजमगढ़ में यातायात माह का शुभारंभ, पुलिस ने निकाली जागरूकता रैली
आजमगढ़। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार, 1 नवंबर 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन आजमगढ़ में यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अतुल यादव, क्षेत्राधिकारी यातायात किरण पाल सिंह, प्रतिसार निरीक्षक रजनीकान्त ओझा एवं प्रभारी निरीक्षक यातायात संजय कुमार पाल मौजूद रहे।
कार्यक्रम के बाद अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव ने जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली रिजर्व पुलिस लाइन से शुरू होकर कलेक्ट्रेट चौराहा, अग्रसेन चौराहा, विशाल मेगा मार्ट और घंटाघर सहित शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों से गुजरते हुए पुनः पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई।
रैली के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान एएसपी ट्रैफिक पंकज श्रीवास्तव ने जनपदवासियों से दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने यातायात संकेतों का पालन करने, सुरक्षित तरीके से ओवरटेकिंग करने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की सलाह दी।
इसके साथ ही दोपहिया वाहन पर तीन सवारी न बैठाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी गई।
पुलिस के अनुसार यातायात माह का आयोजन 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का प्रयास किया जाएगा।
GGS NEWS 24 | आजमगढ़
















































Leave a comment