शादी से कुछ घंटे पहले महिला सिपाही का अपहरण, मचा हड़कंप, हिस्ट्रीशीटर पर अगवा करने का आरोप, एसटीएफ और दो पुलिस टीमों ने चलाया सर्च ऑपरेशन
लखनऊ। मेरठ के मवाना थाना क्षेत्र के गांव अकबरपुर सादात में शादी से कुछ घंटे पहले महिला सिपाही के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है। आरोप है कि मवाना क्षेत्र के गांव ढिकोली निवासी हिस्ट्रीशीटर बदमाश अंकित महिला सिपाही को जबरन उठाकर ले गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार की शिकायत पर एसएसपी ने महिला सिपाही की बरामदगी के लिए तत्काल दो विशेष पुलिस टीमों का गठन किया, साथ ही स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को भी अभियान में लगाया गया। पुलिस ने पूरे मामले को गोपनीय रखते हुए ताबड़तोड़ कार्रवाई की। करीब 24 घंटे बाद रविवार शाम महिला सिपाही को मेरठ के बक्सर क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात महिला सिपाही की बरात गांव अकबरपुर सादात में आनी थी। इससे कुछ घंटे पहले ही शाम के समय अंकित ढिकोली उसे अपने साथ ले गया। महिला सिपाही 2021 बैच की कांस्टेबल है और वर्तमान में अलीगढ़ के साइबर थाने में तैनात है। वहीं, होने वाला दूल्हा भी अलीगढ़ के बन्ना थाने में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत है। सीओ मवाना पंकज लवानिया ने बताया कि महिला सिपाही और आरोपी अंकित एक-दूसरे को पहले से जानते थे। महिला सिपाही बालिग है और उसकी उम्र 25 वर्ष है। बरामदगी से पहले महिला सिपाही ने स्वयं परिजनों को फोन कर बताया कि वह अपनी मर्जी से गई है और किसी प्रकार की चिंता की बात नहीं है। इसके बावजूद परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।


















































Leave a comment