साक्षर भारत के प्रेरकों के बकाया मानदेय भुगतान का रास्ता साफ, शासन ने जिले को दी धनराशि
•विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी के प्रयास से मिली बजट की स्वीकृति, जल्द खातों में पहुंचेगा भुगतान
देवरिया।साक्षर भारत कार्यक्रम के तहत कार्यरत रहे प्रेरकों के लंबे समय से लंबित मानदेय भुगतान की उम्मीद जगी है। शासन की ओर से बकाया मानदेय के भुगतान के लिए जिले को धनराशि आवंटित कर दी गई है। इसके बाद प्रेरकों के प्रतिनिधिमंडल ने सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी से मुलाकात कर उनका आभार जताया और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया।
संगठन के जिलाध्यक्ष सिकंदर राय ने बताया कि वर्ष 2018 में साक्षर भारत कार्यक्रम बंद होने के बाद से ही प्रेरकों का मानदेय बकाया था। इस समस्या को लेकर कुछ दिन पहले प्रेरकों ने विधायक से मुलाकात कर अपनी पीड़ा बताई थी। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निदेशालय स्तर पर पहल की और मानदेय भुगतान का आश्वासन दिया था।
सिकंदर राय के मुताबिक, प्रदेश सरकार ने बकाया भुगतान के लिए धनराशि जिला स्तर पर आवंटित कर दी है। विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) से भी फोन पर बात कर शासन से मिली धनराशि के अनुसार नियमों का पालन करते हुए पारदर्शी तरीके से प्रेरकों के खातों में जल्द भुगतान कराने को कहा है। इससे लंबे समय से मानदेय की प्रतीक्षा कर रहे प्रेरकों में उम्मीद जगी है।

























































Leave a comment