उत्तर प्रदेश में ड्रोन का सच: अफ़वाह या हक़ीक़त?
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कई ज़िलों में इन दिनों “ड्रोन” को लेकर दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय आसमान में उड़ती रहस्यमयी वस्तुएँ दिखाई देती हैं, जिसके बाद लोग नींद छोड़कर पहरेदारी कर रहे हैं। मुरादाबाद, मुज़फ्फरनगर, शामली, गाज़ियाबाद और हापुड़ समेत कई जिलों में लोगों ने आशंका जताई है कि चोर गिरोह रेकी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रहे हैं।
अमरोहा ज़िले से अब तक 250 से अधिक शिकायतें मिली हैं, वहीं गोरखपुर और आजमगढ़ में भी “ड्रोन जैसे ऑब्जेक्ट” देखे जाने की खबर है। डर के कारण कई जगह ग्रामीणों ने हथियार उठाए, यहाँ तक कि फायरिंग तक हुई।
हालाँकि पुलिस की जाँच में अब तक कोई ठोस सबूत नहीं मिला है। कई वीडियो और घटनाएँ झूठी या अफ़वाह साबित हुई हैं। कुछ मामलों में हवाई जहाज़ की लाइट, एल ई डी बल्ब या अन्य साधारण वस्तुओं को लोग ड्रोन समझ बैठे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चेतावनी दी है कि बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने वालों पर सख़्त कार्रवाई होगी। ज़रूरत पड़ने पर गैंगस्टर एक्ट और NSA तक लगाया जा सकता है। प्रशासन ने अपील की है कि जनता अफ़वाह न फैलाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना सीधे पुलिस को दे।
विशेषज्ञों का कहना है कि ज्यादातर मामले अफ़वाहों और भ्रम से जुड़े हैं। फिर भी सरकार और पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। ज़रूरी है कि लोग शांति बनाए रखें और तथ्य सामने आने तक अफ़वाहों पर विश्वास न करें।



























































Leave a comment