आजमगढ़/मेहनगर|रिपोर्ट लगाने के बदले घूस मांग रहे लेखपाल को 5 हजार लेते रंगे हाथ पकड़ा, भ्रष्टाचार निवारण की ट्रैप टीम ने की कार्रवाई, लामबंद लेखपाल किए विरोध
आजमगढ़: मेहनगर तहसील के गोपालपट्टी में तैनात लेखपाल राजेश कुमार पुत्र नथुनी सिंह निवासी खुर्माबाद थाना चेनारी सासाराम बिहार को मंगलवार को दिन में एंटी करप्शन टीम ने पांच हजार रुपए घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एंटी करप्शन ट्रैप टीम के प्रभारी कमलेश कुमार पासवान के साथ अन्य दो निरीक्षकों समेत 12 सदस्यीय टीम ने किया। आरोप है कि लेखपाल राजेश कुमार कथित तौर पर नाम दुरूस्तीकरण सम्बन्धी मामले में रिश्वत ले रहे थे।
गोपालपट्टी के निवासी सूर्यबली सरोज ने राजेश कुमार पर जमीन से संबंधित कार्य के लिए रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए एंटी करप्शन टीम, आजमगढ़ से शिकायत की थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि लेखपाल ने धारा 30/29 में दाखिल वास में रिपोर्ट लगाने के काम करने के बदले रुपये की मांग की और बार-बार टालमटोल कर रहे थे। परेशान होकर शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना एंटी करप्शन टीम को दी। एंटी करप्शन टीम ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एक जाल बिछाया। तय योजना के तहत, शिकायतकर्ता को केमिकल लगे नोटों के साथ लेखपाल को रिश्वत देने के लिए भेजा गया। जैसे ही राजेश ने शिकायतकर्ता से रुपये लिए, पहले से तैयार एंटी करप्शन टीम ने उन्हें रंगे हाथ धर दबोचा। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने लेखपाल के हाथ धुलवाए, जिसमें केमिकल युक्त नोटों के निशान मिले। इस घटना से मेहनगर तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। कुछ लेखपालों ने इस कार्रवाई का विरोध किया और इसे साजिश करार दिया, लेकिन एंटी करप्शन टीम ने अपनी कार्रवाई को सही ठहराया। प्रयास संगठन ने कार्रवाई को लेकर कहा कि उनकी लड़ाई भ्रष्टाचार से जारी रहेगी।





















































Leave a comment