Latest News / ताज़ातरीन खबरें

दुर्गा पंडाल के पास बैठे युवक पर चाकू से हमला, हालत गंभीर। चार नामजद समेत 12 पर केस दर्ज

•गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर  घायल राजू यादव।
देवरिया।लार थाना क्षेत्र के मटियरा गांव में सोमवार की रात पुरानी रंजिश को लेकर दुर्गा पंडाल के पास बैठे एक युवक पर दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया और चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों व स्थानीय लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां से नाजुक हालत देखते हुए उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में चार नामजद समेत 7-8 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही, दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मटियरा जगदीश गांव निवासी अशोक यादव ने लार थाने में तहरीर देकर बताया कि सोमवार की रात उनका बेटा राजू यादव गांव के ही दुर्गा पंडाल के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान पुराने विवाद को लेकर कुछ युवक वहां पहुंचे और रंजिश के तहत उस पर जान से मारने की नीयत से लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसका हाथ टूट गया। आरोप है कि इसी दौरान भीड़ में से एक युवक ने राजू पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से किया गया  रेफर।
घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल राजू को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लार पहुंचाया । वहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया रेफर कर दिया। देवरिया में भी हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार, फिलहाल वहां उसका इलाज चल रहा है और डॉक्टरों ने उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।
पुलिस ने दो को दबोचा, अन्य की तलाश में दबिश।
लार पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रशांत यादव, आदर्श प्रताप यादव, सिद्धार्थ और विवेक समेत 7-8 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास  के धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। लार थाना प्रभारी निर्भय कुमार ने बताया कि नामजद आरोपियों में से दो को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लार और भाटपाररानी थाना क्षेत्रों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh