15 हजार का इनामी विकास यादव पुलिस को चकमा देकर फरार, महिलाओं के विरोध से गिरफ्तारी की कोशिश नाकाम
देवरिया। भटनी ,सल्लहपुर गांव में शुक्रवार की रात उस समय अफरा तफरी का माहौल बन गया।जब लूट के एक मामले में वांछित आरोपी को पकड़ने पहुंची भटनी पुलिस के सामने महिलाओं के विरोध का सामना करना पड़ा। आरोपी के घर पर पहुंचकर पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेने की कोशिश की। लेकिन इसी बीच महिलाओं ने विरोध जताना शुरू कर दिया। कहासुनी के बाद पुलिसकर्मियों और महिलाओं के बीच हाथापाई जैसी स्थिति बन गई। इसी गहमागहमी के दौरान आरोपी विकास यादव वहां से भाग निकला। पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद गिरफ्तार नहीं हो सका। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक विकास यादव लकड़ी लूट से जुड़े एक मुकदमे में पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए अदालत की ओर से गैर जमानती वारंट भी जारी किया गया है। इसी के अनुपालन में पुलिस टीम शुक्रवार रात उसके ठिकाने पर पहुंची थी। टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए कार्रवाई शुरू की। मगर घर पर मौजूद महिलाओं के विरोध के चलते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। विरोध और धक्का मुक्की के बीच आरोपी को निकलने का मौका मिल गया और वह पुलिस की पहुंच से दूर हो गया। इनामी आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस इस मामले में थाना प्रभारी पंकज गुप्ता ने बताया कि विकास यादव पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित है। उसकी तलाश की जा रही है और गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।



























































Leave a comment