सेवा संकल्प योजना के तहत महाविद्यालय में स्टार्टअप कार्यक्रम आयोजित
देवरिया।स्थानीय बाबा राघवदास भगवानदास स्नातकोत्तर महाविद्यालय, आश्रम बरहज, देवरिया में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं एनसीसी के संयुक्त तत्वावधान में सेवा संकल्प योजना के अंतर्गत स्टार्टअप कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को नवाचार, स्वरोजगार, उद्यमिता तथा आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. शम्भुनाथ तिवारी ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को केवल नौकरी प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उन्हें नए विचारों के साथ रोजगार सृजन की दिशा में भी आगे बढ़ना चाहिए। स्टार्टअप युवाओं की प्रतिभा को अवसर प्रदान करने के साथ ही आर्थिक आत्मनिर्भरता का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
डॉ. अमित कुमार चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को नवाचार एवं उद्यमिता के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराते हुए कहा कि युवाओं को अपनी रुचि, कौशल और रचनात्मक सोच के आधार पर नए अवसरों की तलाश करनी चाहिए।
डॉ. वेद प्रकाश सिंह ने कहा कि युवाओं के भीतर आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और समस्या समाधान की योग्यता विकसित करना आवश्यक है। स्टार्टअप की अवधारणा विद्यार्थियों को अपने विचारों को व्यावहारिक रूप देने के लिए प्रेरित करती है।
डॉ. अनुज कुमार श्रीवास्तव ने स्वरोजगार को आत्मनिर्भरता का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए विद्यार्थियों से सरकारी योजनाओं एवं उपलब्ध संसाधनों की जानकारी प्राप्त करने और उनका लाभ उठाने का आह्वान किया।
डॉ. ब्रजेश यादव ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में तकनीकी ज्ञान, नवाचार और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति युवाओं की सफलता के लिए महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों को अपने कौशल का विकास कर रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में प्रयास करना चाहिए। वहीं, डॉ. प्रभु कुमार ने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने तथा छोटे-छोटे प्रयासों से बड़े लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सही दिशा में किया गया निरंतर प्रयास सफलता की आधारशिला है।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को स्टार्टअप संस्कृति, स्वरोजगार और आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की शुरूआत मॉ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुआ।।



























































Leave a comment