Latest News / ताज़ातरीन खबरें

व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की मासिक समीक्षा बैठक सम्पन्न! व्यापारियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश

आजमगढ़ जनपद में पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में शनिवार, 10 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन, आजमगढ़ स्थित सभागार में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की मासिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं नोडल अधिकारी व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक थाना एएचटी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में व्यापारियों एवं अन्य व्यवसायियों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। साथ ही उनकी समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान व्यापारियों ने विभिन्न समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष उठाया। इनमें रेलवे स्टेशन आजमगढ़ के आसपास जाम की समस्या, दुर्गा पूजा समितियों द्वारा सड़क पर मूर्तियों की स्थापना, शहर चौक के पास विद्युत तारों को ऊंचा कराने और जर्जर विद्युत पोल बदलने की मांग प्रमुख रही। इसके अलावा दुर्गा पूजा के दौरान डीजे की अत्यधिक तेज आवाज, जीयनपुर कस्बे में संजय जायसवाल के मकान के पास सार्वजनिक स्थान पर अतिक्रमण, सड़क पर भारी वाहनों के खड़े रहने से उत्पन्न जाम तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्या पर भी चर्चा की गई। व्यापारियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर उनके प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए गए। बैठक का उद्देश्य व्यापारियों, पेट्रोल पंप संचालकों, बैंक मित्रों एवं माइक्रो फाइनेंस कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान करना रहा। आगामी दुर्गा पूजा के मद्देनजर बैठक में डीजे संचालकों एवं पूजा आयोजकों को निर्धारित ध्वनि मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकतम चार साउंड के प्रयोग को सुनिश्चित करने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, ताकि त्योहार के दौरान ध्वनि प्रदूषण और आमजन को होने वाली असुविधा पर नियंत्रण रखा जा सके।
इसके अतिरिक्त व्यापारियों को अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर अधिकाधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक सावधानियां बरतने के लिए जागरूक किया गया। अधिकारियों ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने के महत्व पर भी जोर दिया।
बैठक में प्रभारी निरीक्षक थाना एएचटी, प्रभारी निरीक्षक यातायात, विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी तथा व्यापारीगण उपस्थित रहे। 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh