Crime News / आपराधिक ख़बरे

युवक की मौत के बाद शव रखकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम, आरोपी को छोड़ने के आरोप में ग्रामीणों ने पुलिस के खिलाफ की नारेबाजी, करीब दो घंटे तक बाधित रहा आवागमन

• अधिकारियों के समझाने पर समाप्त हुआ प्रदर्शन
आजमगढ़। जनपद के तहबरपुर थाना क्षेत्र के चिरावल गांव के पास बाइक और वैगनआर कार की टक्कर में गंभीर रूप से घायल 22 वर्षीय शिवम पाल की लखनऊ स्थित केजीएमयू में उपचार के दौरान मौत हो गई। 10 अक्टूबर को युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। रविवार सुबह शव तहबरपुर पहुंचने पर आक्रोशित ग्रामीणों ने टीकापुर तिराहे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हादसे के बाद पकड़े गए व्यक्ति को छोड़ने का आरोप लगाया। करीब दो घंटे तक चले घटनाक्रम के बाद अधिकारियों के समझाने पर जाम समाप्त कराया जा सका। जानकारी के अनुसार, तहबरपुर थाना क्षेत्र के चिरावल गांव निवासी शिवम पाल पुत्र जियालाल पाल 8 अक्टूबर की रात कप्तानगंज थाना क्षेत्र के हरैया गांव से निमंत्रण में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे। रात करीब नौ से दस बजे के बीच चिरावल गांव के पास उनकी बाइक की पूरब दिशा से जा रही वैगनआर कार से टक्कर हो गई। हादसे में शिवम पाल और उनके साथ बाइक पर सवार नितिन यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना पर डायल 112 की टीम और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया। नितिन यादव की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला मुख्यालय स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। वहीं, शिवम पाल की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया था। लखनऊ के केजीएमयू में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। बताया जाता है कि वैगनआर कार में तीन लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद दो लोग मौके से फरार हो गए, जबकि तीसरा व्यक्ति झाड़ियों में छिप गया। ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था। आरोप है कि बाद में पुलिस ने उसे छोड़ दिया, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। रविवार सुबह शिवम का शव एंबुलेंस से तहबरपुर पहुंचा तो ग्रामीणों ने टीकापुर तिराहे पर शव रखकर आवागमन रोक दिया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। थानाध्यक्ष आदित्य सिंह ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति सामान्य करने में जुटे रहे। सूचना मिलने पर कप्तानगंज पुलिस, निजामाबाद के तहसीलदार और बूढ़नपुर के क्षेत्राधिकारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आवागमन बहाल कराया जा सका। इस हादसे ने दो परिवारों को गहरे संकट में डाल दिया है। नितिन यादव तहबरपुर में अपने मामा के मेडिकल हाल पर रहता था। वहीं, मृतक शिवम पाल के पिता जियालाल पाल पैरालिसिस से पीड़ित हैं और चलने-फिरने में असमर्थ हैं। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। 


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh