बैनामा और समझौते के बावजूद मकान निर्माण में रोड़ा, डीएम से लगाई गुहार
देवरिया । जमीन विवाद के चलते मकान निर्माण में बाधा आने से परेशान देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र के बरडीहा दलपत गांव निवासी मेनेजर सिंह ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित ने विपक्षियों पर मकान निर्माण रुकवाने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
पीड़ित ने आरोप लगाते हुए बताया कि जमीन विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच 10 रुपये के स्टांप पेपर पर समझौता हुआ था, लेकिन इसके बावजूद विपक्षी मकान निर्माण में बाधा डाल रहे हैं। पीड़ित के अनुसार, 19 सितंबर 2026 को थाने में लिखित सूचना दी गई थी और 21 सितंबर को दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ था। इसके बावजूद विवाद का समाधान नहीं हो सका।
जर्जर मकान में रहने को मजबूर परिवार, महिलाओं की बढ़ी परेशानी
पीड़ित परिवार की महिलाओं ने बताया कि पुराने और जर्जर मकान को ध्वस्त कर नए सिरे से निर्माण कराया जा रहा था। मकान तोड़ते समय उसका कुछ हिस्सा छोड़ दिया गया था, लेकिन जब नए मकान का निर्माण शुरू हुआ तो विपक्षियों ने कथित तौर पर काम रुकवा दिया। इसके चलते परिवार आधे-अधूरे और जर्जर मकान में रहने को मजबूर है।
महिलाओं का कहना है कि मकान की खराब स्थिति के कारण हर समय हादसे का डर बना रहता है। खुले और अधूरे मकान में रहने से नित्य क्रिया, नहाने-धोने सहित रोजमर्रा के जरूरी कामों में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कई बार शिकायत, फिर भी न्याय का इंतजार
मेनेजर सिंह ने बताया कि वह जिलाधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को कई बार प्रार्थना पत्र देकर अपनी समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ है। पीड़ित ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, मकान निर्माण में आ रही बाधा दूर कराने और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।
अब देखना यह है कि बार-बार शिकायत के बावजूद न्याय की गुहार लगा रहे पीड़ित परिवार को प्रशासन से कब राहत मिलती है और क्या उन्हें अपने मकान का निर्माण पूरा कराने का अवसर मिल पाता है।



























































Leave a comment