दिशा की बैठक में विकास कार्यों की हुई समीक्षा, अधिकारियों को समयबद्ध अनुपालन के दिए गए निर्देश
•सांसद ने जनपद के विकास के लिए समन्वित प्रयासों पर दिया जोर,
• डीएम ने समयबद्ध अनुपालन के दिए निर्देश
देवरिया ।जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक सोमवार को विकास भवन के गांधी सभागार में सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर ने सह-अध्यक्ष के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, रामपुर कारखाना विधायक सुरेन्द्र चौरसिया, भाटपाररानी विधायक सभाकुंवर, रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद, सांसद बांसगांव प्रतिनिधि संजय सिंह, एमएलसी प्रतिनिधि राजू मणि, जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर और मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
सदर सांसद शशांक मणि त्रिपाठी ने कहा कि जनपद के विकास के लिए अधिकारी सभी कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराएं। उन्होंने विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। साथ ही, विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति दी जाए।
सदर सांसद ने निर्देशित किया कि जनपद में निर्मित सभी शौचालयों के उपयोग के लिए लोगों को जागरूक किया जाए तथा व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए। साथ ही, शौचालयों के उपयोग एवं व्यवहार परिवर्तन पर भी विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि जनपद में विभागों द्वारा संचालित किए जाने वाले सभी कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाए।गन्ने की खेती के क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा दिया जाए तथा कार्ययोजना तैयार कर जनप्रतिनिधियों को भी अवगत कराया जाए।
सलेमपुर सांसद रमाशंकर राजभर ने विद्युत, स्वास्थ्य एवं अन्य जनसुविधाओं से संबंधित बिंदुओं पर विभागीय अधिकारियों से जानकारी ली। उन्होंने जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, सड़क निर्माण, विद्युत आपूर्ति, जल जीवन मिशन, विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं, पेंशन, शौचालय निर्माण सहित विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने तथा योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
दिशा बैठक में बिना अनुमति अनुपस्थित रहने पर पीडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता (एसई) और परियोजना निदेशक (पीडी एनएचआई) का एक दिन का वेतन बाधित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों की अनुपस्थिति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि महत्वपूर्ण बैठकों में सभी संबंधित अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने कहा कि दिशा बैठक का उद्देश्य विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना तथा जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच समन्वय को मजबूत करना है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों एवं निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा कराई। इसके बाद विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी योजनाओं की अद्यतन प्रगति प्रस्तुत की।
बैठक में जिला स्तरीय विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

























































Leave a comment