मारपीट में घायल महिला की मौत, चार आरोपी गिरफ्तार
देवरिया। गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बर्दगोनिया गांव में बंटवारे और आने-जाने के रास्ते को लेकर हुए विवाद में मारपीट के दौरान घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने हत्या के प्रकरण में वांछित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने वादिनी का मोबाइल भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 13 सितंबर को बर्दगोनिया निवासी जगवन्ती देवी पत्नी गोविन्द निषाद ने गौरीबाजार थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि बंटवारे और आने-जाने की बात को लेकर अभियुक्तों ने उनके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से पीछे से हमला कर दिया और उनका मोबाइल छीन लिया। शोर सुनकर बचाव के लिए पहुंचे परिजनों के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।
घटना में घायल जगवन्ती देवी का उपचार कराया जा रहा था, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद पुलिस ने विवेचना और साक्ष्यों के आधार पर दर्ज मुकदमे में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस की बढ़ोतरी की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पाण्डेय के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर राजेश चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में गौरीबाजार पुलिस ने मंगलवार को लंगड़ी चौराहे के पास से चारों वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बरामद मोबाइल को कब्जे में लेते हुए आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

























































Leave a comment