मेहरौना चेकपोस्ट पर चेकिंग के दौरान फेंका काटा ट्रक के दो टायर फटे
•चालक ने मारपीट कर पैसा छीनने का लगाया आरोप
देवरिया।लार थाना क्षेत्र के मेहरौना चेकपोस्ट पर शनिवार को वाहन चेकिंग के दौरान एक ट्रक के दो टायर फटने का मामला सामने आया। घटना के बाद ट्रक चालक ने चौकी पुलिस पर मारपीट और रुपये छीनने का गंभीर आरोप लगाया है। वहीं चौकी प्रभारी ने चालक के साथ मारपीट के आरोपों को गलत बताया है।
जानकारी के अनुसार ट्रक संख्या UP 53 ET 9970 उत्तर प्रदेश से बिहार की ओर माल लेकर जा रहा था। मेहरौना चेकपोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने चेकिंग के लिए ट्रक को रोकने का इशारा किया। आरोप है कि ट्रक चालक ने वाहन नहीं रोका, जिसके बाद पुलिसकर्मियों ने सड़क पर काटा फेंक दिया। इससे ट्रक के दो टायर फट गए और वाहन कुछ दूरी पर जाकर रुक गया।
ट्रक चालक आकाश चौहान का आरोप है कि उस समय ट्रक तेज रफ्तार में था। पुलिस द्वारा रोकने का इशारा करने पर उसने ब्रेक लगाया, लेकिन ट्रक कुछ आगे निकल गया। इसी दौरान ट्रक के आगे काटा फेंक दिया गया, जिससे दो टायर फट गए। चालक का आरोप है कि वाहन रुकने के बाद उसे चौकी ले जाया गया, जहां उसके साथ मारपीट की गई। उसने सिर, कंधे और शरीर के अन्य हिस्सों पर डंडे से पीटने का आरोप लगाया है।
वहीं ट्रक मालिक नरेंद्र सिंह ने चौकी प्रभारी विवेक कुमार चतुर्वेदी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि चालक के साथ मारपीट करने के बाद उसके पास मौजूद करीब 1,800 रुपये भी ले लिए गए।
इस संबंध में चौकी प्रभारी विवेक कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि मेहरौना चौकी पर 24 घंटे वाहनों की चेकिंग चलती है। इसी क्रम में ट्रक को चेकिंग के लिए रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका, जिसके कारण ट्रक को रोकने के लिए सड़क पर काटा लगाया गया। उन्होंने चालक के साथ मारपीट और रुपये छीनने के आरोपों को झूठा और निराधार बताया।
घटना को लेकर चालक और पुलिस के आरोप-प्रत्यारोप के बीच मामले की निष्पक्ष जांच होने पर ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।





















































Leave a comment