ब्रेक फेल होने से तेल से भरा टैंकर बिजली के पोल से टकराया, लगी भीषण आग, तीन की जिंदा जलकर मौत
बिलरियागंज/आजमगढ़। बिलरियागंज-जीयनपुर मार्ग पर स्थित मालटाड़ी विद्युत उपकेंद्र के अंतर्गत बसगांव फीडर के समीप मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पेट्रोल एवं डीजल से भरा टैंकर कथित रूप से ब्रेक फेल होने के बाद अनियंत्रित होकर विद्युत के डबल पोल से टकरा गया। टक्कर के बाद पोल क्षतिग्रस्त होकर टूट गया और टैंकर पलटते ही उसमें भीषण आग लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग ने कुछ ही देर में पूरे टैंकर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के समय टैंकर बिलरियागंज स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल एवं डीजल की आपूर्ति करने जा रहा था।
हादसे में टैंकर पर सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में पेट्रोल पंप का एक कर्मचारी प्रदीप, एक चालक तथा एक खलासी शामिल हैं। तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन एवं अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे के कारण विद्युत का डबल पोल क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सुरक्षा के मद्देनजर संबंधित फीडर की विद्युत आपूर्ति फिलहाल बंद कर दी गई है।
पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं, मृतकों की पहचान एवं हादसे के कारणों की पुष्टि के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

























































Leave a comment