Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़ में शादी समारोह बना खूनी अखाड़ा कूलर की हवा को लेकर विवाद, चाकूबाजी में एक की मौत, 3 और गिरफ्तार

आजमगढ़, 1 मई। जिले के अजमतगढ़ कस्बे में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कूलर की हवा की दिशा को लेकर शुरू हुआ झगड़ा चाकूबाजी तक पहुंच गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, घटना 28 अप्रैल 2026 की रात की है। शादी समारोह के दौरान बारातियों और स्थानीय लोगों के बीच कूलर की दिशा को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान कुछ लोगों ने चाकू से हमला कर दिया।
घटना में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

वादी राजेश निषाद पुत्र पशुराम निषाद, निवासी बेलसड़ी (बड़हलगंज, गोरखपुर) की तहरीर पर थाना जीयनपुर में मुख्य आरोपी नीरज निषाद समेत कुल 9 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं 190, 191(2), 191(3), 115(2), 118(1), 109 और 103 के तहत केस दर्ज किया है।

मुख्य आरोपी नीरज निषाद को पुलिस पहले ही मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, गुरुवार को प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुबारकपुर तिराहे से तीन और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh