अनियंत्रित तेजगति स्कॉर्पियो के टक्कर से साइकिल सवार 14 वर्षीय बालक गंभीर, लोगों ने मुख्य सड़क एक घंटे तक किया जाम
मऊ। घोसी।मुहम्मदाबाद गोहनाकोतवाली क्षेत्र के ग्राम बनियापार के पास आजमगढ़– मुहम्मदाबाद गोहना मुख्य मार्ग पर सोमवार दोपहर करीब दो बजे तेज रफ्तार स्कार्पियो का कहर देखने को मिला। आजमगढ़ की ओर से आ रही एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने साइकिल सवार 14 वर्षीय बालक आकाश चौहान (पुत्र प्रकाश चौहान, निवासी केरमा साहुआवरी, जनपद आजमगढ़) को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल पूरी तरह चकनाचूर हो गईसाथ ही उछल कर दूर गिरा आकाश चौहान गंभीररूप से घायल हो गया और स्कॉर्पियो आगे बढ़ते हुए सड़क किनारे खड़ी एक अन्य चार पहिया वाहन से जा भिड़ी। इसके बाद वह वाहन को घसीटते हुए बिजली के पोल से टकरा गई, जिससे पोल भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल आकाश सड़क किनारे तड़पता रहा। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तत्काल आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और वह जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बालक साइकिल से सरसों लेकर कोल्हू पर तेल पेराने जा रहा था, तभी तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक चले जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर किसी तरह जाम समाप्त कराया और यातायात बहाल कराया। बताया जा रहा है कि पूरी घटना सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है और स्कॉर्पियो चालक की पहचान कर कार्रवाई की बात कही जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।























































Leave a comment