शिक्षा से सशक्त भविष्य की ओर: धरौली विद्यालय में ज्ञान और प्रेरणा का दिखा उजाला।
घोसी।मऊ। ब्लॉक घोसी के अंतर्गत पूर्व माध्यमिक विद्यालय, धरौली में गोल्ड मेडलिस्ट एवं राज्य अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित प्रधानाध्यापक डॉ. रामविलास भारती के नेतृत्व में एक प्रेरक शैक्षिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर काशी हिंदू विश्वविद्यालय, हिंदी विभाग की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रियंका सोनकर ने विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रेरक विचार साझा किए। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्वयं डॉ. सोनकर को विद्यालय की विभिन्न शैक्षिक गतिविधियों—अंतरिक्ष एवं स्टेम लैब, विज्ञान-गणित प्रयोगशाला, एल.बी.डी., आईसीटी, कम्प्यूटर लैब तथा पुस्तकालय का अवलोकन कराया। बच्चों की सक्रिय भागीदारी और जिज्ञासा से प्रभावित होकर डॉ. सोनकर ने उनकी भूरी-भूरी प्रशंसा की तथा उनके प्रश्नों के संतुलित और प्रेरणादायक उत्तर दिए। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल अक्षर ज्ञान नहीं, बल्कि जीवन को समझने और उसे बदलने की शक्ति है। उन्होंने शिक्षा को तर्कशीलता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सामाजिक जागरूकता का आधार बताते हुए कहा कि यही हमें अंधविश्वासों और रूढ़ियों से मुक्त कर एक सजग नागरिक बनाती है। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि चूल्हा-चौका से आगे बढ़कर शिक्षा को अपनाना ही सशक्त भविष्य की कुंजी है। उनके विचारों ने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया।
कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक शिवचंद राम ने अपने जीवनानुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को संघर्ष, अनुशासन और निरंतर सीखने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि सफलता उन्हीं को प्राप्त होती है, जो कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य के प्रति अडिग रहते हैं और सीखने की जिज्ञासा बनाए रखते हैं। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक डॉ. रामविलास भारती ने सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह देकर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। यह कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक सिद्ध हुआ। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए शिक्षा के प्रति अपनी नई प्रतिबद्धता भी व्यक्त की। इस अवसर पर डॉ. तेजभान, जितेन्द्र भारती, सुरेन्द्र कुमार, मेहंदी रज़ा, नीलम पटेल, शबाना, पूजा, अमीषा, नीरज, राकेश कुमार गौतम, अर्जुन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।























































Leave a comment