जन आकांक्षाओं को पूरा करेगा पुनर्विकसित मऊ जं. स्टेशन, मिलेगी अच्छी सुविधाएं।
मऊ ।वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के औंड़िहार-भटनी रेल खंड पर स्थित मऊ जं. स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत रु. 52.65 करोड़ की लागत से पुनर्विकसित किया जा रहा है। मऊ जं. स्टेशन पूर्वी उत्तर प्रदेश का एक महत्वपूर्ण स्टेशन है। यह स्टेशन नई दिल्ली, मुम्बई, सूरत, अहमदाबाद, कोलकाता,पुणे, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, जयपुर, राँची, अमृतसर जैसे प्रमुख नगरों एवं महानगरों के लिये सीधी ट्रेन सेवा से जुड़ा हुआ है। इस स्टेशन से 44 मेल/एक्सप्रेस एवं सवारी ट्रेनों का संचलन प्रतिदिन हो रहा है। यहाँ यात्रियों के बढ़ते आवागमन एवं आगामी 50 वर्षों की यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुये स्टेशन का पुनर्विकास कार्य तेजी से
किया जा रहा है। अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त कर यात्री अनुकूल बनाते हुये आगामी
चुनौतियों से निपटना है। पुनर्विकास के अन्तर्गत स्टेशन भवन का सौंदर्यीकरण, बेहतर प्रवेश एवं निकास द्वार, यात्रियों के लिये प्रतीक्षालय, आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रसाधन, स्टेशन पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था, यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने/उतरने
हेतु प्लेटफॉर्म के उच्चीकरण एवं विस्तार के साथ यात्रियों के बैठने की समुचित व्यवस्था, एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने हेतु फुट ओवर ब्रिज (एफ.ओ.बी.) का निर्माण सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। इन
कार्यों में 3,000 वर्ग मीटर में फसाड के साथ ही स्टेशन भवन एवं पोर्च का कार्य पूर्ण हो चुका है। आकर्षक फसाड लाइटें लगाई गई हैं। स्टेशन पहुँच मार्ग को सुगम बनाया गया है, साथ ही सर्कुलेटिंग एरिया में 600 मीटर में ड्रेनेज, 1,250 मीटर में बाउंड्री वॉल, 15,000 वर्ग मीटर में रोड, 2,000 वर्ग मीटर में पार्किंग तथा 3,000 वर्ग मीटर में पाथ-वे का
कार्य पूरा कर लिया गया है।
इसके अतिरिक्त यात्रियों की सुविधा हेतु प्लेटफॉर्म का विस्तार कर प्लेटफॉर्म सतह पर 5,500 वर्ग मीटर में ग्रेनाइट लगाने का कार्य प्रगति पर है तथा यात्रियों को धूप एवं वर्षा से बचाने के लिये 32-वे के पी.पी. शेल्टर के प्रावधान के साथ ही,विभिन्न श्रेणी के नये प्रतीक्षालयों के निर्माण, स्वच्छता को ध्यान में रखते हुये महिला/पुरुष एवं दिव्यांगजन हेतु आधुनिक सुविधाओं से युक्त प्रसाधन, अन्तर्राष्ट्रीय मानक के अनुरूप उन्नत साइनेज का प्रावधान किया जा रहा है। यात्रियों के सुगम आवागमन हेतु 12 मीटर चौड़ा फुट ओवर ब्रिज (एफ.ओ.बी.) के निर्माण के साथ ही 02 लिफ्ट एवं 04 एस्केलेटर लगाने
का कार्य प्रगति पर है। सभी निर्माण कार्यों के पूर्ण होने पर मऊ जं. स्टेशन को आकर्षक स्वरूप मिलेगा तथा जिला मुख्यालय स्टेशन होने तथा
मऊ-शाहगंज, इन्दारा-फेफना एवं भटनी-औंड़िहार खंडों का दोहरीकरण पूरा होने के फलस्वरूप जन आकांक्षाओं के अनुरूप अधिक ट्रेनों के संचलन के कारण मऊ जं. पर बदले फुटफाल की चुनौतियों से आसानी से निपटा जा सकेगा। रेल
यात्रियों को जहाँ एक ओर उन्नत एवं आधुनिक यात्री सुख-सुविधाओं का लाभ मिलेगा वहीं दूसरी ओर रेल परिसर में प्रवेश करते ही उन्हें सुखद अनुभूति का एहसास होगा तथा मऊ शहर के आर्थिक विकास में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उक्त जानकारी अशोक कुमार
जनसम्पर्क अधिकारी,वाराणसी ने दी।

























































Leave a comment