*रात के अंधेरे में मरीज के लिए घोसी पुलिस बनी देवदूत, रास्ते में फंसे मरीज को गाड़ी से पहुंचाया अस्पताल*
घोसी।मऊ। घोसी नगर में कोतवाली पुलिस का मानवी चेहरा देखने को मिला। जब घोसी कोतवाली पुलिस ने रात के अंधेरे में संकट में फंसे मरीज के साथ परिवार की मदद कर मिसाल पेश की। पुलिस द्वारा उस समय लीक से हट कर दिए गए सहयोग ने न सिर्फ एक मरीज को राहत दिलाई बल्कि पुलिस और जनता के बीच भरोसे को भी और मजबूती प्रदान किया।
मिली जानकारी के अनुसार दरगाह निवासी आनंद राजभर की पत्नी पूनम की तबीयत रात में अचानक बिगड़ गई थी। हालत गंभीर होने पर उनके परिजन माता, भाई और बहन उन्हें वैगनआर कार से घोसी स्थित नवजीवन हॉस्पिटल ले कर आ रहे थे। परिजन जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचने की कोशिश में थे लेकिन जैसे ही वे घोसी के मधुबन मोड़ के पास पहुंचे उनकी गाड़ी अचानक बंद हो गई। जब वाहन की जांच की गई तो पता चला कि गाड़ी में पेट्रोल पूरी तरह खत्म हो चुका है। रात का समय होने के कारण सड़क पर आवाजाही भी काफी कम थी जिससे मदद मिलना मुश्किल हो गया। एक ओर जहां परिजन असहाय होकर ईश्वर को याद कर इधर-उधर मदद की तलाश में थे वहीं दूसरी ओर मरीज की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी। इस परिस्थिति ने परिवार की चिंता और बढ़ा दी थी।
इसी बीच घोसी कोतवाली पुलिस की टीम रात्रि गश्त पर निकली हुई थी। गश्त कर रहे घोसी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र सिंह व उपनिरीक्षक शुभम त्रिपाठी की नजर सड़क किनारे खड़ी कार पर पड़ी। उन्होंने तत्काल अपने हमराही अवनीश यादव, विराट पटेल और सुनील तिवारी के साथ मौके पर पहुंचकर करा सवार लोगों से जानकारी प्राप्त किया।
परिस्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने बिना देर किए मानवीय पहल दिखाई। समय की नजाकत को समझते हुए पुलिसकर्मियों ने तुरंत मरीज को पुलिस वाहन में शिफ्ट कराया और तेजी से नवजीवन हॉस्पिटल पहुंचाया। पुलिस की तत्परता के चलते मरीज को समय रहते उपचार मिल सका और एक बड़ी अनहोनी टल गई।
अस्पताल पहुंचने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अगर समय पर पुलिस की मदद नहीं मिलती तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी।
नवजीवन हॉस्पिटल के डॉक्टर और स्टाफ के साथ वहां उपस्थित लोगों ने भी इस घटना की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्य पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत करते हैं। यह घटना साबित करती है कि पुलिस केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं है बल्कि जरूरत पड़ने पर मानवता और सेवा भावना के साथ आम जनता के बीच खड़ी रहती है। इस सम्बन्ध में कोतवाल प्रमेन्द्रकुमारसिंह ने बताया कि यह कार्य हमने अपने कर्तव्य के तहत किया है। जब हम लोगों की मदद करेंगे तो हमें भी जरूर मदद मिलेगी।



























































Leave a comment