Latest News / ताज़ातरीन खबरें

डीएम के निर्देश पर कल से गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी बहाल, काला बाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई  

देवरिया।जनपद में पिछले कुछ दिनों से रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर फैली भ्रांतियों और अव्यवस्था को देखते हुए जिलाधिकारी श्रीमती दिव्या मित्तल ने संबंधित गैस एजेंसियों, मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारियों के साथ विकास भवन के गांधी सभागार में बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में निर्णय लिया गया कि कल से जनपद में गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी पूर्ण रूप से बहाल की जाएगी।

         जिलाधिकारी ने बताया कि गैस सिलेंडरों का वितरण ‘प्रथम आवत-प्रथम पावत के आधार पर किया जाएगा। जिन उपभोक्ताओं ने पहले गैस बुक कराई है, उन्हें प्राथमिकता दी जाएगी और सभी बुकिंग्स को क्रमवार पूरा किया जाएगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी कारणवश OTP या DAC (Delivery Authentication Code) प्राप्त नहीं होता है, तब भी उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराई जाएगी। गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपनी वितरण सूची (Distribution Sheet) के मिलान के आधार पर गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करें।

         जिलाधिकारी ने गैस की कालाबाजारी या अधिक मूल्य पर बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति श्रृंखला को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

         गैस वितरण व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए एसडीएम, एसएचओ तथा होमगार्ड के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है। वितरण के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अभद्रता या अवरोध की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

          जिलाधिकारी श्रीमती मित्तल ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे गैस बुकिंग ऑनलाइन अथवा मिस्ड कॉल के माध्यम से करें तथा अनावश्यक भीड़ से बचने के लिए होम डिलीवरी को प्राथमिकता दें। गोदाम पर आने वाले उपभोक्ताओं को वहां प्रदर्शित सूचना के माध्यम से यह जानकारी उपलब्ध रहेगी कि किस तिथि तक की बुकिंग का वितरण किया जा रहा है।

        इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), सभी एसडीएम, सभी सीओ, संबंधित गैस एजेंसियों के प्रतिनिधि तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

         किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए उपभोक्ता 05568-469715 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन द्वारा जनपद में गैस की समय पर और पारदर्शी आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh