Politics News / राजनीतिक समाचार

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने अयोध्या में भव्य रामायण शोभायात्रा को जय श्रीराम का ध्वज लहराकर किया रवाना - ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को किया साकार

लखनऊ: 19 अक्टूबर, । भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या में रविवार को भक्ति, संस्कृति और भव्यता का अनूठा संगम देखने को मिला जब पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने साकेत महाविद्यालय परिसर में जय श्रीराम का ध्वज लहराते हुए और ढोल-नगाड़े बजाकर रामायण पर आधारित भव्य शोभायात्रा को रवाना किया। दीपोत्सव 2025 की यह शोभायात्रा ‘त्रेता युग’ की झलक प्रस्तुत करती हुई श्रद्धा, लोकनृत्य और सांस्कृतिक उत्साह का अद्भुत उदाहरण बनी।
इस अवसर पर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व में दीपोत्सव का हर संस्करण स्वयं का रिकॉर्ड तोड़ते हुए आस्था और भव्यता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। इस वर्ष का दीपोत्सव केवल दिव्यता का उत्सव नहीं, बल्कि ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना का सशक्त प्रतीक भी है, जो सांस्कृतिक एकता और सामाजिक सौहार्द का संदेश देता है। झांकियों में मिशन शक्ति के तहत महिला सशक्तिकरण और स्वच्छ भारत अभियान के संदेशों को भी दर्शाया गया है, जो हर नागरिक को राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित करता है।
साकेत महाविद्यालय से प्रारंभ होकर रामकथा पार्क तक पहुँची इस शोभायात्रा में रामायण के सातों कांड - बालकांड, अयोध्याकांड, अरण्यकांड, किष्किन्धाकांड, सुंदरकांड, लंकाकांड और उत्तरकांड - को जीवंत करती 22 आकर्षक झांकियों ने सभी का मन मोह लिया। देश के विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने मयूर, बढ़वां, देहड़िया, धोबिया और अन्य लोकनृत्यों के माध्यम से माहौल को उल्लासमय बना दिया, जबकि श्रद्धालुओं ने मार्ग भर पुष्पवर्षा और दीपदान कर रामपथ को आस्था और प्रकाश से आलोकित कर दिया।
प्रयागराज से आए दर्शक आयुष सिंह ने कहा कि इस शोभायात्रा ने भारत की विविधता में एकता का जीवंत दर्शन कराया। हर झांकी और हर नृत्य ने श्रीराम के शाश्वत आदर्शों और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को प्रदर्शित किया।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh