पटना में माहवारी स्वच्छता को लेकर अल्का लांबा का बड़ा ऐलान, दो दिन में एक लाख महिलाओं को मुफ्त पैड वितरण का दावा
पटना । अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा ने बिहार दौरे के दौरान एक बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने बताया कि बिहार में महिलाओं की माहवारी स्वच्छता को लेकर एक सर्वे किया गया, जिसमें चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। सर्वे के अनुसार, बिहार की अधिकांश महिलाएं और किशोरियां आज भी माहवारी के दौरान कपड़े का इस्तेमाल कर रही हैं, जिससे उन्हें गंभीर बीमारियों का खतरा बना रहता है।
अल्का लांबा ने कहा, "हमने यह जिम्मेदारी ली है कि बिहार की हमारी मां-बहनों और बेटियों को, जो महंगाई और गरीबी की वजह से सेनेटरी पैड नहीं खरीद पा रही हैं, उन्हें मुफ्त सेनेटरी वेंडिंग मशीन उपलब्ध कराई जाए। इसके ज़रिए हम उन्हें कपड़े के इस्तेमाल से मुक्ति दिलाएंगे।"
उन्होंने यह भी बताया कि महिला कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान के तहत बिहार की महिलाएं ही यह पैड तैयार कर रही हैं, जिससे उन्हें रोजगार भी मिल रहा है।
अल्का लांबा ने कहा, "मुझे यह बताते हुए गर्व हो रहा है कि बिहार की एक लाख बहनों को हम अगले दो दिन में मुफ्त सेनेटरी पैड वितरित करेंगे और उन्हें 'कपड़ा मुक्त' बनाने की दिशा में कदम बढ़ाएंगे।"
इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है, बल्कि उन्हें स्वास्थ्य, सम्मान और आत्मनिर्भरता से भी जोड़ना है। महिला कांग्रेस का यह प्रयास सामाजिक न्याय और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
























































Leave a comment