रेप की घटनाओं पर बसपा सुप्रीमों की केंद्र व राज्य सरकारों से अपील
लखनऊ। बीते दिनों के दौरान पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और अन्य राज्यों में दिल दहला देने वाली बलात्कार की घटनाएं सामने आई हैं। आए दिन सामने आ रहीं ऐसी घटनाओं पर सरकारें एक्शन तो ले रही हैं, लेकिन फिर भी ये घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं।
वहीं दूसरी ओर इन राज्यों में हुई रेप की घटनाओं पर जमकर सियासत भी लगातार की जा रही है। अब बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने बलात्कार की इन घटनाओं पर चिंता जताई है और सरकार से उचित कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए घटनाओं पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
बसपा सुप्रीमो मायावती ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए कहा कि देश में कभी बंगाल, कभी महाराष्ट्र के बदलापुर, कभी बिहार में तो कभी यूपी के कन्नौज, आगरा व फर्रूखाबाद जिले आदि में भी मासूम बच्चियों, नाबालिग व महिलाओं पर खासकर रेप, हत्या व आत्महत्या आदि की हो रही घटनाएं अति-दु:खद व चिन्ताजनक हैं। बीएसपी चीफ ने आगे कहा कि केंद्र व सभी राज्य सरकारें, इस मामले में दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सख्त कदम उठाएं, ताकि ऐसी घटनाएं जल्दी होना बन्द हों। ना कि इसकी आड़ में राजनीति की जाए, यही समय की मांग है तथा यही महिलाओं के हित में भी है।
बंगाल में महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ हुई घटना पर जारी है बवाल
बीते कुछ दिनों के दौरान देश के अलग-अलग राज्यों में रेप की घटनाएं हुई हैं। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में हुई डॉक्टर के साथ रेप और फिर हत्या की घटना पर सियासी बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। इन घटनाओं के बीच अब उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और उत्तराखंड में भी रेप की घटनाएं हुई हैं। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में दो युवतियों का शव आम के पेड़ पर फंदे से लटका मिलने के बाद तमाम सवाल उठने लगे हैं। इस मामले में पुलिस की जांच पर भी सवाल उठ रहे हैं जिसमें पुलिस ने कहा है कि यह मामला आत्महत्या से जुड़ा हुआ लगता है।

























































Leave a comment