चोरों ने बताया क्यों करते थे मोटर सायकिल की चोरी, तीन चढ़े पुलिस के हत्थे, 4 मोटरसाइकिल, अवैध असलहा, कारतूस व नगदी बरामद
आजमगढ़। जनपद की कंधरापुर थाना पुलिस ने मोटर साइकिल चोर गिरोह का पदार्फाश करते हुए तीन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा इनके कब्जे से 4 चोरी की मोटरसाइकिल, अवैध असलहा, कारतूस व 4500 नगदी बरामद किया गया है। इन मोटर साइकिल की कुल कीमत लगभग 2.5 लाख रुपये आंकी गई है।
एसपी सिटी शैलेन्द्र लाल ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि कंधरापुर थाना प्रभारी रूद्रभान पाण्डेय को चेकिंग के दौरान किशुनदासपुर सर्विस लेन की तरफ से 03 मोटर साइकिल आती हुई दिखाई दी, जैसे ही नजदीक आने पर पुलिस बल द्वारा रोकने का इशारा किया गया तो मोटरसाकिल सवार पीछे मोड़कर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस द्वारा संदिग्ध प्रतीत होने पर मोटरसाइकिल सवार तीनों व्यक्तियों को समय करीब 3.45 बजे अलसुबह सेहदा पूर्वांचल एक्स-प्रेस से हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में मयंक यादव उम्र 19 वर्ष पुत्र रूदल यादव निवासी कोलपुर थाना निजामाबाद, रजनीश कुमार उम्र 18 वर्ष पुत्र दिनेश कुमार, शिवम कुमार उम्र 18 वर्ष पुत्र स्व० लालचन्द निवासीगण ग्राम भोर्रा मकबूलपुर थाना कन्धरापुर के निवासी हैं। अभियुक्तों ने बताया कि तीनों मोटरसाइकिल चोरी की है। उनके द्वारा मेले में घूमने के लिए पैसा का इंतजाम करने के लिए मोटर सायकिल की चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जाता था। अभियुक्तों की निशानदेही पर एक और चोरी की मोटरसाइकिल बरईपुर से बरामद किया गया। इस तरह कुल गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 4 मोटरसाइकिल, अवैध असलहा, कारतूस व 4500 नगदी बरामद किया गया है।























































Leave a comment