आगामी त्यौहार और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर दीदारगंज थाना परिसर में चौकीदारों की हुई बैठक
दीदारगंज/आजमगढ़ : दीदारगंज थाना परिसर में गुरुवार शाम को थानाध्यक्ष दीदारगंज संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आगामी त्योहार होली और त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर चौकीदारों की बैठक हुई । जिसमें थानाध्यक्ष के द्वारा थाना क्षेत्र के चौकीदारों को कानून व्यवस्था के मद्देनजर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने कहा कि चौकीदार पुलिस विभाग की आंख और कान हैं, इनके बिना पुलिस अपना काम सरलता से नहीं कर सकती, लाल गमछा वाले यह सिपाही पुलिस और जनता के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। थानाध्यक्ष ने चौकीदारों से कहा कि आप लोग सक्रियता से अपने अपने क्षेत्र में भ्रमण करना शुरू कर दीजिए और गांव की हर गतिविधि की सूचना से तत्काल थाने को अवगत कराएं । क्षेत्र में कहीं अवैध शराब तस्करी हो रही हो या गांव की छोटी से छोटी सूचना शीघ्र दे तथा गांव के अराजकतत्वों को चिन्हित कर उनकी सूचना भी दें ताकि उनपर समय रहते कार्रवाई की जा सके । इस मौके पर एसआई जगदीश विश्वकर्मा, उमाशंकर, महेश सिंह बनवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी सहित क्षेत्र के सभी चौकीदार मौजूद रहे।




















































Leave a comment