रोडवेज बस और ट्रेलर में जोरदार भिड़ंत, सभी यात्री सुरक्षित
जौनपुर। जिले में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जौनपुर बाईपास स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर रोडवेज बस और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर बादशाहपुर की दिशा से आ रही रोडवेज बस से टकरा गया। यह दुर्घटना जौनपुर शहर के मछलीशहर एनएच-731 बाईपास पर हुई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों को क्षति पहुंची, जबकि बस में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई।
घटना के तुरंत बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
पुलिस ने बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर यातायात सुचारु कराया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है।
पुलिस का बयान:
मामले की जांच जारी है और फरार ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग पर यातायात सामान्य कर दिया गया है।



















































Leave a comment