सोनू यादव के निलंबन के विरोध में पंचायत सचिवों ने बांधी काली पट्टी, बहाली की मांग
•भटनी ब्लॉक में प्रदर्शन, मांग पूरी नहीं होने पर जिला मुख्यालय पर आंदोलन की चेतावनी
देवरिया।बैतालपुर विकास खंड में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी सोनू यादव के निलंबन के विरोध में मंगलवार को भटनी विकास खंड के पंचायत सचिवों ने काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। सचिवों ने निलंबन की कार्रवाई को एकतरफा बताते हुए तत्काल वापस लेने और सोनू यादव की बहाली की मांग की।
पंचायत सचिवों का आरोप है कि मामले में निष्पक्ष जांच किए बिना और संबंधित अधिकारी का पक्ष सुने बगैर निलंबन की कार्रवाई की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द बहाली का आदेश जारी नहीं हुआ, तो आंदोलन जिला मुख्यालय तक पहुंचाया जाएगा और जिला स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा।
मामला बैतालपुर विकास खंड की ग्राम पंचायत उधोपुर का है। जानकारी के अनुसार, स्वच्छ भारत मिशन के तहत गांव की निवासी गीता पत्नी दीना प्रसाद के पुत्र के नाम पर व्यक्तिगत शौचालय आवंटित किया गया था। निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में बारिश के कारण पानी भर गया था। इसी गड्ढे में डूबने से परिवार के चार वर्षीय मासूम पौत्र की मौत हो गई।
सचिवों के अनुसार, घटना के बाद पीड़ित परिवार ने लिखित रूप से प्रशासन को बताया कि हादसे में किसी अधिकारी या कर्मचारी की गलती नहीं थी। इसके बावजूद ग्राम पंचायत अधिकारी सोनू यादव को निलंबित कर दिया गया। सचिवों ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।
प्रदर्शन में सहायक विकास अधिकारी पंचायत विंध्याचल सिंह सहित सतीश शाही, सुनील मिश्रा, अजय मिश्रा, जितेंद्र यादव, जनरंजन गौतम, अविनाश पासवान, शुभम गुप्ता, चंदू पासवान और रूपेश यादव समेत भटनी ब्लॉक के पंचायत सचिव एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
























































Leave a comment