ब्रेकर बनाने को लेकर हुए विवाद में आरएसएस कार्यकर्ता की हुई मौत
देवरिया। लार थाना क्षेत्र के भीखम छपरा गांव में सड़क पर ब्रेकर बनाने को लेकर हुए विवाद में लाठी-डंडे और लोहे के रामा से किए गए हमले में आरएसएस के सक्रिय कार्यकर्ता रामेश्वर तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें लहूलुहान हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लार लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में उनकी मौत हो गई।
बताया गया कि रामेश्वर तिवारी का अपने पड़ोसियों से रास्ते को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। उनके खेत तक जाने का रास्ता पड़ोसी की जमीन से होकर गुजरता है, जबकि पड़ोसी के घर जाने का रास्ता रामेश्वर तिवारी के घर के बगल से होकर जाता है। इसी को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले से तनातनी बनी हुई थी।
बताया जा रहा है कि रामेश्वर तिवारी अपने घर के पास सड़क पर ब्रेकर बनवा रहे थे। पड़ोसियों ने इसका विरोध करते हुए कहा कि ब्रेकर बनने से उनके वाहनों के आवागमन में परेशानी होगी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर पड़ोसियों ने रामेश्वर तिवारी पर लाठी-डंडे और लोहे के रामा से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल रामेश्वर तिवारी को सीएचसी लार ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
कार्यवाहक थाना प्रभारी विंध्याचल शुक्ला ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस जुटी है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।




















































Leave a comment