घोसी में बुजुर्ग दिवस पर बुजुर्गों के सम्मान की छांव में खिले चेहरे, पौधरोपण से दिया पीढ़ियों को संदेश
सेवा संकल्प अभियान में बुजुर्गों दिवस पर उनकी सुनी गई समस्याएं, वृद्धावस्था पेंशन के भरवाए गए आवेदन
संवाददाता
घोसी।मऊ। बुजुर्गों का सम्मान केवल परंपरा नहीं बल्कि समाज की जिम्मेदारी भी है। इसी सोच को साकार करते हुए बुजुर्ग दिवस के अवसर पर गुरुवार को नगर पंचायत सभागार में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। शासन के निर्देश पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में बुजुर्गों को सम्मानित करने के साथ उनकी समस्याओं को सुना गया और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने की पहल की गई।साथ ही शपथ दिलाया गया।
कार्यक्रम में नगर पंचायत के ईओ अनिल कुमार ने बुजुर्गों का सम्मान किया। सम्मान पाकर बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी नजर आई। इसके बाद बुजुर्गों से पौधरोपण कराया गया। पौधा रोपकर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य का संदेश दिया।
इस दौरान नगर पंचायत की ओर से बुजुर्गों से उनकी समस्याओं और जरूरतों की जानकारी ली गई। आर्थिक रूप से कमजोर पात्र बुजुर्गों के वृद्धावस्था पेंशन के आवेदन भी भरवाए गए ताकि उन्हें नियमित आर्थिक सहायता का लाभ मिल सके। अधिकारियों और कर्मचारियों ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
ईओ अनिलकुमार ने कहा कि बुजुर्ग हमारे समाज की सबसे बड़ी धरोहर हैं। उनके अनुभव से परिवार और समाज को दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का सम्मान किसी एक दिवस तक सीमित नहीं होना चाहिए बल्कि उनके प्रति सम्मान और संवेदनशीलता हमेशा बनी रहनी चाहिए। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से नगर पंचायत का प्रयास है कि बुजुर्गों की समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जाए।
उन्होंने कहा कि किसी बुजुर्ग को सरकारी सुविधा के लिए भटकना न पड़े इसके लिए नगर पंचायत स्तर पर हरसंभव सहयोग किया जाएगा। पात्र बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन सहित अन्य योजनाओं से जोड़ने का कार्य लगातार जारी रहेगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ लिपिक राकेश पांडेय, लिपिक अनिल, शादाब खान, सुजीत,सफाई नायक विमलेश कुमार,शैलेश सहित नगर पंचायत के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
























































Leave a comment