आजमगढ़: सिधारी में निर्माणाधीन मकान से वायरिंग का तार चोरी, दो आरोपी गिरफ्तार
•4 किलो 860 ग्राम जला हुआ तांबे का तार बरामद, पुलिस ने दोनों आरोपियों को भेजा न्यायालय
आजमगढ़। सिधारी थाना पुलिस ने निर्माणाधीन मकान से बिजली वायरिंग का तार चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 4 किलो 860 ग्राम जला हुआ तांबे का तार बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, बसदुआ, थाना मछलीशहर, जनपद जौनपुर निवासी राजेन्द्र प्रसाद पुत्र पुदई राम ने थाना सिधारी में तहरीर देकर बताया था कि ग्राम गेलवारा स्थित उनके निर्माणाधीन मकान में 11 सितंबर से बिजली वायरिंग का काम चल रहा था। 28 सितंबर को मौके पर पहुंचने पर वायरिंग का तार चोरी मिला।
तहरीर के आधार पर थाना सिधारी में मु0अ0सं0 398/2026, धारा 303(2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। बाद में बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) BNS की बढ़ोतरी की गई।
सोमवार को उपनिरीक्षक धर्मराज यादव ने हमराह पुलिसकर्मियों के साथ कार्रवाई करते हुए गेलवारा अंडरपास के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोशन पुत्र स्व. प्रभुनाथ, निवासी जाफरपुर, थाना सिधारी, उम्र 20 वर्ष और अमित कुमार उर्फ डिम्पल पुत्र सुबाष, निवासी जाफरपुर, उम्र 23 वर्ष के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक दोनों को दोपहर करीब 1:25 बजे गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से चोरी का जला हुआ कॉपर वायर बरामद हुआ। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया।


























































Leave a comment