एटीएम में क्लिप लगाकर रुपये उड़ाने वाले दो गिरफ्तार
देवरिया। टीएम मशीन में छेड़छाड़ कर ग्राहकों के रुपये निकालने वाले दो आरोपियों को थाना कोतवाली पुलिस ने सोमवार को सोनूघाट स्थित एसबीआई एटीएम के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से एटीएम में इस्तेमाल होने वाले उपकरण व अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी एटीएम के रुपये निकासी द्वार पर मशीन के रंग की लोहे की पट्टी/क्लिप लगा देते थे। इससे ग्राहक द्वारा लेनदेन करने के बाद रुपये बाहर नहीं निकलते थे। ग्राहक के एटीएम से हटते ही आरोपी क्लिप हटाकर रुपये निकाल लेते थे।
28 सितंबर को एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि नौ सितंबर को सोनूघाट स्थित एसबीआई एटीएम से पांच हजार रुपये निकालने का प्रयास किया, लेकिन रुपये बाहर नहीं निकले। इसी दौरान तीन युवक एटीएम में पहुंचे और निकासी द्वार से क्लिप हटाकर पांच हजार रुपये निकालकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए।
मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 695/2026 के तहत धारा 303(2), 318(4), 317(2) बीएनएस तथा 43/66 आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की थी। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



























































Leave a comment