Latest News / ताज़ातरीन खबरें

कपरवार में जाम नाली की समस्या पर प्रशासन सख्त, बीडीओ ने किया निरीक्षण

देवरिया।क्षेत्र के कपरवार मार्ग स्थित बस्ती में जाम नाली और सड़क पर बह रहे गंदे पानी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंगलवार दोपहर बीडीओ एजाल अहमद ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। हालात का जायजा लेने के बाद उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए सफाई कर्मचारियों को नाली की जल्द सफाई करने के निर्देश दिए।
बताया जाता है कि रूद्रपुर मार्ग पर दलित बस्ती और मुस्लिम बस्ती को जाने वाली सड़क पर नाबदान का पानी बह रहा था, जिससे आवागमन में काफी दिक्कत हो रही थी और संक्रामक बीमारियों का खतरा बना हुआ था।
इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव अर्जुन सिंह द्वारा पूर्व में ज्ञापन भी सौंपा गया था। वहीं, समस्या से परेशान स्थानीय महिला और पुरुषों ने मौके पर प्रदर्शन कर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया था।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रहलाद गुप्ता को स्पष्ट निर्देश दिए कि नाली की सफाई कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और इसे प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा कराया जाए।
बीडीओ के निर्देश के बाद मौके पर ही सफाई कार्य शुरू करा दिया गया, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसी समस्याओं के समाधान की उम्मीद जताई।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh