Latest News / ताज़ातरीन खबरें

आजमगढ़ में पर्यटन विकास को नई रफ्तार 11 परियोजनाओं के लिए ₹13.19 करोड़ मंजूर, पहली किश्त जारी

आजमगढ़। पूर्वांचल की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर को नई पहचान दिलाने की दिशा में आजमगढ़ जनपद अब तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। पर्यटन विकास को लेकर चल रही योजनाओं ने जिले को एक नई दिशा दी है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से जनपद अब पर्यटन के नए युग में प्रवेश कर चुका है।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने राज्य योजना के तहत आजमगढ़ के लिए 11 महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति दी है। इन योजनाओं के लिए कुल ₹13 करोड़ 19 लाख की धनराशि मंजूर की गई है, जिसमें से ₹5 करोड़ 95 लाख की पहली किश्त जारी भी कर दी गई है।

इन परियोजनाओं के अंतर्गत जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में स्थित धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों का कायाकल्प और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। प्रमुख स्थलों में शामिल हैं—

सगड़ी: कैवल्य धाम शिव मंदिर (₹52.34 लाख)

मुबारकपुर: डिलिया हनुमान मंदिर (₹49.81 लाख)

लालगंज: ढेकवा ब्रह्मबाबा स्थल (₹98.13 लाख)

अजमतगढ़: हनुमान मंदिर (₹82.27 लाख)

फूलपुर-पवई: दुर्वासा ऋषि आश्रम (₹58.33 लाख)

सदर: एकलव्य स्थल व भगवान शंकर स्थान (₹98.95 लाख)

निजामाबाद: दत्तात्रेय आश्रम (₹71.57 लाख)

फूलपुर-पवई: गढ़वा हनुमान मंदिर (₹135.63 लाख)

दीदारगंज: बंधवा महादेव पातालपुरी मंदिर (₹73.36 लाख)

गोपालपुर: तेजबर बाबा मंदिर (₹98.27 लाख)

इसके अलावा चन्द्रमा ऋषि आश्रम, सिलनी के समग्र विकास के लिए ईको-टूरिज्म परियोजना के तहत ₹5 करोड़ की स्वीकृति दी गई है, जिसकी पहली किश्त ₹20 लाख जारी की गई है। यह परियोजना धार्मिक पर्यटन के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी संतुलन बनाएगी।

जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश के प्राचीन धार्मिक स्थलों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। सभी परियोजनाओं का क्रियान्वयन यूपीएसटीडीसी को सौंपा गया है और कार्यों को गुणवत्ता व समयबद्धता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

रोजगार और विकास को मिलेगा बढ़ावा

इन परियोजनाओं से न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि निर्माण कार्यों के दौरान रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। साथ ही होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन और स्थानीय हस्तशिल्प जैसे क्षेत्रों में भी तेजी आएगी।

पर्यटन मानचित्र पर उभरेगा आजमगढ़

यह व्यापक पहल आजमगढ़ को उत्तर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल करने की दिशा में एक मजबूत कदम है। आने वाले समय में यह जनपद न सिर्फ पूर्वांचल, बल्कि पूरे प्रदेश के पर्यटन मानचित्र पर अपनी खास पहचान बनाएगा।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh