Politics News / राजनीतिक समाचार

गांव/बस्ती चलो अभियान में भाजपा नेताओं ने बड़ागांव में लाभार्थियों से संवाद कर जानी समस्याएं

घोसी। मऊ। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर चलाए जा रहे गांव/बस्ती चलो अभियान के तहत दूसरे दिन शनिवार को घोसी विधानसभा क्षेत्र के घोसी मंडल अंतर्गत बड़ागांव पूरब मुहल्ले की अनुसूचित एवं अन्य बस्तियों में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जनसंपर्क कर लाभार्थियों से संवाद किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने घर-घर पहुंचकर केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और लोगों की समस्याएं भी सुनीं।
 मुख्य अतिथि क्षेत्रीय महामंत्री सुनील कुमार गुप्त ने उपस्थित लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत आरोग्य योजना, इज्जत घर (शौचालय योजना), उज्ज्वला गैस योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुद्रा लोन योजना एवं किसान सम्मान निधि आदि जैसी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे और कोई भी पात्र व्यक्ति वंचित न रह जाए। भारतीय जनता पार्टी सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित की भावना के साथ कार्य करती है। गांव/बस्ती चलो अभियान इसी उद्देश्य को साकार करने का माध्यम है, जिसके तहत कार्यकर्ता सीधे जनता के बीच जाकर संवाद स्थापित कर रहे हैं। इससे न केवल योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंच रही है, बल्कि उनकी वास्तविक समस्याओं को समझकर उनके समाधान का प्रयास भी किया जा रहा है।
जिला मंत्री रविंद्र उपाध्याय ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाएं गरीब, किसान, महिला और युवाओं के जीवन स्तर को सुधारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अधिक से अधिक पात्र लोगों को चिन्हित कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने का कार्य करें।
सदस्य गुड्डन श्रीवास्तव ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से पार्टी कार्यकर्ता समाज के हर वर्ग के बीच पहुंचकर संवाद स्थापित कर रहे हैं। इससे लोगों में जागरूकता बढ़ रही है और योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचाने में मदद मिल रही है।
भाजपा नेता चंद्रशेखर ने लाभार्थियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर समाधान कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय महामंत्री सुनील कुमारगुप्त, जिला मंत्री रविंद्रउपाध्याय, चंद्रशेखर ,इंद्रबहादुर सिंह, डा.अंबिका यादव, गुड्डन श्रीवास्तव,अविनाशकुमार रंजन, रूपेन्द्र भारती,रामअवतार यादव, सूर्यभान मौर्य, चंदन वर्मा, अमित विश्वकर्मा, अंजनी कुमार, चंद्रशेखर, राम विजय, अजय प्रजापति आदि उपस्थित रहे।


Leave a comment

Educations

Sports

Entertainment

Lucknow

Azamgarh