फूलपुर में प्रीपेड स्मार्ट मीटर के विरोध में गरजी आजाद समाज पार्टी, सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा
फूलपुर। बुधवार को आजाद समाज पार्टी (काशीराम) के मंडल प्रभारी अब्दुल्लाह खान और जिलाध्यक्ष धर्मवीर भारती के संयुक्त नेतृत्व में प्रीपेड स्मार्ट मीटर के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने अधिशाषी अभियंता विद्युत वितरण उपखंड को सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपकर अपनी आवाज बुलंद की।
अब्दुल्लाह खान ने आरोप लगाया कि प्रीपेड स्मार्ट मीटर के चलते हजारों उपभोक्ताओं की बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। उन्होंने कहा कि विभाग का सर्वर सही तरीके से कार्य नहीं कर रहा, इसके बावजूद आम लोगों पर जबरन प्रीपेड मीटर थोपा जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि केंद्रीय ऊर्जा मंत्री द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि केवल इच्छुक उपभोक्ताओं के ही मीटर बदले जाएं, लेकिन इसका पालन नहीं हो रहा है।
जिलाध्यक्ष धर्मवीर भारती ने कहा कि उपभोक्ताओं को उनकी पुरानी सिक्योरिटी राशि के समायोजन की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। साथ ही, बिना आधार के वर्षों पुरानी रिकवरी के नोटिस भेजे जा रहे हैं, जिससे लोगों में आक्रोश है। उन्होंने कहा कि प्रीपेड मीटर लगने से किसानों और गरीब वर्ग पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ गया है और जारी किए जा रहे बिलों में भी कई त्रुटियां हैं।
ज्ञापन में फूलपुर के नए पावर स्टेशन से सरायमीर कस्बे की लाइन जोड़ने की प्रस्तावित योजना का भी कड़ा विरोध किया गया। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
इस मौके पर आजाद समाज पार्टी के कई कार्यकर्ता और स्थानीय उपभोक्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।




















































Leave a comment